Type Here to Get Search Results !

मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण तथा भवनों के नाम परिवर्तन के संबंध में चर्चा के लिये बैठक सम्पन्न

इन्दौर। इंदौर जिले में आगामी विधानसभा निर्वाचन की व्यापक तैयारियां जारी हैं। इसी सिलसिले में आज भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार मतदाताओं की सुविधा की दृष्टि से मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण तथा मतदान केन्द्रों के भवन के नाम परिवर्तन के संबंध में चर्चा के लिये राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी ने की।

बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र रघुवंशी, सभी रिटर्निंग अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा उक्त संबंध में तैयार प्रस्तावों पर चर्चा की गई। यह प्रस्ताव मंजूरी के लिये निर्वाचन आयोग को भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि मतदाताओं की सुविधा के लिये 30 मतदान केन्द्रों के भवन के नाम परिवर्तन और पुराने 13 मतदान केन्द्रों के भवन जीर्ण-शीर्ण होने से भवन परिवर्तन/युक्तियुक्तकरण के प्रस्ताव है। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने बैठक में बताया कि मतदान केन्द्रों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने, निष्पक्ष और निर्भिक मतदान के लिये पुख्ता सुरक्षा इंतजाम रखे जाएंगे। शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने तथा निर्वाचन में व्यवधान पैदा करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। बैठक में उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी भी दी।