Type Here to Get Search Results !

वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में गंदगी पर एसडीएम नाराज, नगर पालिका कार्यालय का भी किया निरीक्षण

बेगमगंज।  अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रियंका भलावी ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वाटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


नगर पालिका कार्यालय में एसडीएम ने विभिन्न शाखाओं की फाइलों और अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यालयीन रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित रखने, महत्वपूर्ण दस्तावेजों का अद्यतन संधारण करने तथा सभी अभिलेखों को क्रमबद्ध तरीके से व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसडीएम ने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने, निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराने तथा संबंधित फाइलों और प्रगति प्रतिवेदनों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।


उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदनों और प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि नगर पालिका में बेहतर कार्यालयीन प्रबंधन, स्वच्छता, नियमित निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।