Type Here to Get Search Results !

जबलपुर रेलवे स्टेशन का नाम अमर शहीद राजा शंकर शाह–रघुनाथ शाह के नाम पर किया जाए : सूरज जायसवाल

  • महान आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को मिले संपूर्ण सम्मान —राज्य एवं केंद्र सरकार शीघ्र निर्णय लें:  जनता दल (यू) मध्य प्रदेश
जबलपुर । महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं अमर शहीद राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस के अवसर पर जनता दल (यू) मध्य प्रदेश की ओर से जबलपुर स्थित बलिदान स्थल पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में जनता दल (यू) मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं रघुनाथ शाह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में राजा शंकर शाह और उनके पुत्र रघुनाथ शाह का बलिदान अद्वितीय है। अंग्रेजी हुकूमत ने दोनों महान सेनानियों को तोप के मुंह से बांधकर शहीद कर दिया था। उनका बलिदान स्थल आज भी जबलपुर रेलवे परिसर में स्थित है, जो देश की स्वतंत्रता के इतिहास की महत्वपूर्ण धरोहर है।

श्री जायसवाल ने कहा कि आज देश में महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने की बात हो रही है। ऐसे में जबलपुर रेलवे स्टेशन का नाम अमर शहीद राजा शंकर शाह–रघुनाथ शाह के नाम पर किया जाना उनके महान बलिदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि जब भोपाल के हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर और झांसी रेलवे स्टेशन का नाम वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर किया जा सकता है, तो जबलपुर रेलवे स्टेशन का नाम अमर शहीद राजा शंकर शाह–रघुनाथ शाह के नाम पर करने में कोई बाधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से इस संबंध में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता दल (यू) लंबे समय से मांग करता आया है कि जबलपुर के एयरपोर्ट का नाम महान वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर तथा जबलपुर रेलवे स्टेशन का नाम अमर शहीद राजा शंकर शाह–रघुनाथ शाह के नाम पर किया जाए। उन्होंने कहा कि महान आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को उनका संपूर्ण सम्मान दिलाने के लिए जनता दल (यू) आगे भी अपनी आवाज मजबूती से उठाता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इस मांग का समर्थन करते हुए संकल्प लिया कि महान शहीदों के सम्मान और उनकी ऐतिहासिक विरासत को उचित पहचान दिलाने के लिए आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक संघर्ष एवं आंदोलन किया जाएगा।



कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बलिदान स्तंभ पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात सभी ने बंदीगृह पहुंचकर अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

आयोजित सभा को प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, संतोष नेमा, इमाम खान एडवोकेट, राम गिरीश वर्मा एडवोकेट, सतीश उदय पाटील, संतोष यादव, भारत यदुवंशी, नितेश सिंह, अयाज अली सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।