Type Here to Get Search Results !

राज्य कर्मचारी संघ का 48वां स्थापना दिवस मनाया

बेगमगंज ।  मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ की ब्लॉक एवं तहसील इकाई के तत्वावधान में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राज्य कर्मचारी संघ का स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संभागीय अधिकारी राजेश पांडे ने राज्य कर्मचारी संघ के 48 वर्ष के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कर्मचारी हितों के लिए संघ द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों एवं संघर्षों की जानकारी दी।

जिला संगठन मंत्री एवं पूर्व जिला अध्यक्ष मानसिंह लोधी ने कर्मचारियों से संगठित होकर कर्मचारी हितों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने बदलती परिस्थितियों में कर्मचारियों के सामने उत्पन्न हो रही नई चुनौतियों को रेखांकित करते हुए एकजुटता को आवश्यक बताया।

इस अवसर पर राज्य कर्मचारी संघ के सक्रिय पदाधिकारी मोहन कुशवाहा , कोमल नायक एवं नंदलाल सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कर्मचारी एकता पर जोर दिया। तहसील अध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा ने स्थापना दिवस के अवसर पर संघ द्वारा कर्मचारियों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि अपने अधिकारों की प्राप्ति के लिए संघर्ष ही एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

तहसील अध्यक्ष दीपक सोनी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बेगमगंज में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के वेतन भुगतान में हो रहे विलंब पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों से मांग की कि आवश्यक स्वीकृति प्रदान कर शीघ्र ड्राइंग एंड डिस्बर्सिंग ऑफिसर (डीडीओ) की नियुक्ति की जाए, ताकि कर्मचारियों को समय पर वेतन का भुगतान सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में मुकेश विश्वकर्मा, देवी प्रसाद लोधी, जीवन लोधी शिवनारायण रावत सहित अन्य कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन कर्मचारी एकता एवं कर्मचारी हितों के लिए निरंतर प्रयास करने के संकल्प के साथ हुआ।