Type Here to Get Search Results !

ऋषि कपूर ने अमेरिका से की भारत की तुलना, कहा- देश में नहीं मिलता कलाकारों को सम्मान


मुंबई। एक्टर ऋषि कपूर के मुताबिक भारत में कलाकारों को पर्याप्त सम्मान नहीं दिया जाता है। एक इंटरव्यू के दौरान ऋषि ने विदेश से भारत की तुलना करते हुए बताया कि यहां कलाकारों का आदर नहीं किया जाता है। इतना ही नहीं उन्होंने रोड, एयरपोर्ट समेत कई जगहों का नाम अर्टिस्ट्स के नाम पर रखने का सुझाव दिया। फिलहाल एक्टर इमरान खान के साथ आगामी फिल्म 'द बॉडी' में व्यस्त हैं। यह फिल्म 13 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है।
भारत में नहीं मिलता पर्याप्त सम्मान
अमेरिका से लौटने के बाद ऋषि कपूर ने वहां के हालातों से भारत की तुलना की। उन्होंने बताया कि यूएस में एल्विस प्रेस्ले, माइकल जैक्सन के नाम पर जगहों के नाम रखे हुए हैं। यही वजह है कि वहां के युवा उनके कार्यों को हमेशा याद रखेंगे। भारत की बात करते हुए कहा कि यहां पर कहीं भी कलाकार के नाम पर कुछ भी नहीं है, यहां आने वाली पीढ़ी उन लोगों को कैसे जानेगी। भारत के संदर्भ में बात करते हुए उन्होंने पंडित रवि शंकर, लता मंगेशकर, पृथ्वीराज कपूर, राज कपूर सहित कई दिग्गजों का जिक्र किया।
मेरे देश में सम्मान क्यों नहीं
एक्टर ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि हम वो राष्ट्र हैं जो सिनेमा, संस्कृति और म्यूजिक के लिए दुनियाभर में जाना जाता है, लेकिन यहां कलाकारों के साथ अलग ही व्यवहार होता है। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार दूसरे देशों की तरह हमारे कलाकारों का सम्मान करती है। राज कपूर और पृथ्वीराज कपूर के योगदान के बारे में बताते हुए कहा कि ये कलाकार दुनियाभर में जाने जाते हैं, लेकिन मेरे देश में इन्हें उतना सम्मान क्यों नहीं मिलता।
 
इंडस्ट्री में करीब पांच दशक का समय बिता चुके ऋषि कपूर को डेब्यू फिल्म 'मेरा नाम जोकर' में ही बेस्ट चाइल्ड एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिल गया था। इसके अलावा भी उन्होंने कई बड़े सम्मान अपने नाम किए। इसके अलावा रूसी फेडरेशन के यूनियन मिनिस्ट्री ऑफ कल्चर ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में योगदान के लिए सम्मानित किया है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.