भोपाल। मप्र सरकार ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा दामन थामने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। गुरुवार को जमीन से जुड़े दो मामलों में उनके खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) में आवेदन दिया गया है। ईओडब्ल्यू ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। सिंधिया के मीडिया अधिकारी का कहना है कि इन दोनों ही मामलों में सबूतों के अभाव में खात्मा लगाया जा चुका है, फिर भी बदले की भावना से सरकार इन केसों को दोबारा खुलवा रही है। सिंधिया के भाजपा में शामिल होते ही सरकार एक्शन में आ गई थी, बुधवार को इसकी बानगी देखने को मिली थी, जब सिंधिया के प्रभाव वाले जिलों के कलेक्टर हठा दिए गए।
पहले मामले में- शिकायत कर्ता सुरेंद्र श्रीवास्तव ने शिकायत में कहा है कि 26 मार्च 2014 को ईओडब्ल्यू को एक आवेदन दिया था, जिसमें आरोप है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं उनके परिजनों द्वारा वर्ष 2009 में महलगांव, ग्वालियर की जमीन (सर्वे क्रमांक 916) खरीदकर रजिस्ट्री में काट-छांट करके आवेदक सुरेंद्र श्रीवास्तव की 6 हजार वर्गफीट जमीन कम कर दी गई थी।
शासकीय जमीन के फर्जी दस्तावेज बनवाकर बेचने का आरोप
आवेदक सुरेंद्र श्रीवास्तव ने एक अन्य मामले में सिंधिया देवस्थान के चेयरमैन व ट्रस्टियों द्वारा शासकीय भूमि (सर्वे क्रमांक 1217) को प्रशासन के सहयोग से फर्जी दस्तावेज तैयार कर उस जमीन को बेचने का आवेदन भी 23 अगस्त 2014 को ईओडब्ल्यू को दिया था। आवेदक का कहना है कि उसके दोनों आवेदनों पर जांच के बाद खात्मा लगाने के कारण फिर से शिकायती आवेदन पेश कर रहा हूं।
ये बदले की कार्रवाई है
सिंधिया के प्रेस अधिकारी पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि सरकार सिंधिया जी के खिलाफ बदले की भावना से काम कर रही है। इसलिए जिस केस पर ईओडब्ल्यू में जाने के बाद खात्मा लगाया जा चुका था। उसे फिर से खोलने की तैयारी है। चतुर्वेदी ने कहा कि उससे कुछ होने वाला नहीं है। हमें कानून और संविधान पर पूरा भरोसा है, जहां से न्याय मिलेगा और बदले लेने वाली कमलनाथ जी की सरकार को करारा जवाब मिलेगा।
खजुराहो स्थित संजय पाठक के होटल को नोटिस
भाजपा विधायक संजय पाठक के खिलाफ कांग्रेस सरकार की कार्रवाई थम नहीं रही है। पहले उनकी दो खदाने सील की गईं, इसके बाद बांधवगढ़ नेशनल पार्क स्थित उनके रिसॉर्ट को तोड़ा गया और अब खजुराहो में स्थित सायना होटल को लेकर नोटिस जारी किया गया है। प्रबंधन से होटल के लीज संबंधी सभी दस्तावेज तलब किए गए हैं। खजुराहो एसडीएम स्वप्निल वानखेड़े ने नोटिस जारी किया है। एसडीएम वानखेड़े का कहना है कि ये बदले की कार्रवाई नहीं है। खजुराहो के सभी फाइव स्टार होटलों को नोटिस जारी किए हैं। इन्हें हर साल जारी किए जाते हैं। इस बार भी डायवर्जन संबंधी पेमेंट के अतिक्रमण और जो भी निर्माण कार्य किया है। उसकी अनुमति जांच हेतु नोटिस जारी किए हैं।
ग्वालियर के ईओडब्ल्यू के एसपी हटाए गए
मध्यप्रदेश सरकार ने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) के दो अधिकारियों के तबादले कर उनकी नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को जारी आदेश में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजपूत को हटा कर, उनके स्थान पर भोपाल ईओडब्ल्यू में पदस्थ सहायक महानिरीक्षक अमित सिंह को ग्वालियर ईओडब्ल्यू का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। देवेंद्र सिंह राजपूत को उज्जैन ईओडब्ल्यू के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
