भोपाल। अंतर्राष्ट्रीय जैव-विविधता दिवस 22 मई के अवसर पर राज्य जैव-विविधता बोर्ड द्वारा ऑनलाइन आयोजित निबंध प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर दिये गये हैं। लॉकडाउन के कारण 'कोविड-19 : जैव-विविधता संरक्षण-हमारे समाधान प्रकृति में हैं'' (COVID-19 : Biodiversity Conservation & Our Solutions are in Nature) विषय पर हिन्दी-अंग्रेजी में निबंध प्रविष्टियाँ ऑनलाइन मंगवाई गई थीं। प्रतियोगिता में 1114 ऑनलाइन पंजीयन और 532 निबंध प्रविष्टियाँ बोर्ड को प्राप्त हुईं।
सभी विजेता प्रतिभागियों की पुरस्कार राशि उनके बैंक खातों में जमा की जायेगी। श्रेणी-1 में कक्षा 8 से 12वीं तक के, श्रेणी-2 में स्नातकोत्तर एवं स्नातक के विद्यार्थी और श्रेणी-3 में जन-सामान्य और शासकीय सेवकों ने भाग लिया। श्रेणी-1 में अंग्रेजी और हिन्दी निबंध प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 2500 रुपये, द्वितीय 1500 रुपये और तृतीय 1000 रुपये का दिया जायेगा। श्रेणी-2 और 3 में दोनों ही भाषाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमश: 5000, 3000 और 2000 रुपये का दिया जा रहा है।
