चेन्नई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने सनराइजर्स हैदराबाद को 10 रन से हरा दिया। चेन्नई की धीमी पिच पर भी KKR ने कप्तान ओएन मोर्गन की नेशनल टीम इंग्लैंड की तरह आक्रामक खेल दिखाया। दूसरी तरफ सनराइजर्स की टीम को बैटिंग ऑर्डर में कई बड़ी चूक का खामियाजा भुगतना पड़ा। चलिए जानते हैं ऐसे टॉप-5 फैक्टर जो इस मुकाबले में KKR की जीत का आधार बने। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी KKR की टीम को अच्छी शुरुआत मिली। ओपनर नीतीश राणा (56 गेंदों पर 80 रन) और नंबर तीन पर बैटिंग करने आए राहुल त्रिपाठी (29 गेंद पर 53 रन) की उम्दा पारियों के दम पर KKR ने 15.1 ओवर में एक विकेट पर 145 रन बना लिए थे। आखिरी ओवरों में दिनेश कार्तिक ने 9 गेंदों पर 22 रन बनाकर टीम को 187 रनों तक पहुंचा दिया। चेन्नई की धीमी पिच पर यह विनिंग टोटल साबित हुआ। नीतीश राणा ने 142, त्रिपाठी ने 182 और कार्तिक ने 244 के स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी की।
