मुंबई। टीवी एक्ट्रेस मोना सिंह 40 साल की हो गई हैं। 8 अक्टूबर 1981 को उनका जन्म पुणे, महाराष्ट्र में हुआ था। मोना को ज्यादातर लोग टीवी की जस्सी के रूप में जानते हैं। हालांकि, मोना ने कई सीरियल्स और रियलटी शोज किए हैं, लेकिन साल 2003 से 2006 के बीच सोनी टीवी पर प्रसारित हुआ 'जस्सी जैसी कोई नहीं' उनका अब तक का सबसे पॉपुलर शो है। सीरियल्स के अलावा मोना ने आमिर खान, शर्मन जोशी और आर माधवन स्टारर फिल्म '3 इडियट्स' में करीना कपूर की बड़ी बहन का रोल निभाया था।
मोना सिंह डांसिंग रियलटी शो 'झलक दिखला जा' के पहले सीजन की विजेता है। इसके बाद उन्होंने इस रियलटी शो के दूसरे और चौथे सीजन को होस्ट भी किया है। वे 'एंटरटेनमेंट के लिए कुछ भी करेगा' के अब तक पांचों सीजन को होस्ट कर चुकी हैं। इसके अलावा 'फेमिना मिस इंडिया', 'शादी तीन करोड़ की' और 'स्टार या रॉक स्टार जैसे कई रियलिटी शोज भी मोना ने होस्ट किए हैं।