Type Here to Get Search Results !

द. अफ्रीका में रोहित की कप्तानी में खेलेंगे कोहली, टीम रवाना होने से पहले हो सकता है ऐलान

मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) टी-20 के बाद वन-डे की कप्तानी भी रोहित शर्मा को सौंपने जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर वन-डे सीरीज में रोहित शर्मा ही कप्तान होंगे। इसका आधिकारिक ऐलान भी दौरे के लिए भारतीय टीम की घोषणा के दौरान ही किया जा सकता है। न्यूज 18 ने BCCI के सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट में बताया कि रोहित को वनडे की कप्तानी सौंपने की तैयारियां की जा रही हैं। भारतीय टीम को इसी महीने दक्षिण अफ्रीका जाना है। जहां टीम 3 टेस्ट, 3 वन-डे मैच खेलेगी।

रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 घरेलू सीरीज में कप्तानी कर चुके हैं। भारत ने इस सीरीज को 3-0 से जीत लिया। यह सीरीज कोच राहुल द्रविड़ के लिए भी बतौर कोच पहली सीरीज थी।

वर्ल्ड कप के बाद विराट कोहली के टी-20 की कप्तानी छोड़ने के बाद रोहित को कप्तानी सौंपी गई है। उसके बाद से ही यह चर्चा है कि वनडे टीम की कप्तानी भी रोहित शर्मा को सौंपी जा सकती है। विराट टेस्ट टीम की कप्तानी करेंगे। पूर्व कोच रवि शास्त्री भी रोहित की तारीफ कर चुके हैं और कह चुके हैं कि रोहित टी-20 और वनडे के अच्छे कप्तान हैं।