नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जारी देश की महिला पहलवानों के मोर्चे के बाद गुरुवार को मंत्रालय ने पीड़ित खिलाड़ियों को बातचीत के लिए बुलाया और उनसे करीब एक घंटे तक बातचीत की। बातचीत से पहलवान संतुष्ट नहीं हैं। उनकी मांग पहले WFI अध्यक्ष को हटाने की थी, अब वे कुश्ती संघ को भंग कराना चाहते हैं। उन्होंने कहा- मांग पूरी होने तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इधर, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कल (शुक्रवार को) खिलाड़ियों के धरने में हरियाणा की खाप पंचायतें भी शामिल हो सकती हैं।
बता दें कि WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और कुछ कोच पर ओलिंपिक विजेता खिलाड़ियों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 200 से ज्यादा खिलाड़ी बुधवार यानी 18 जनवरी से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। आरोपों के बाद खेल मंत्रालय भी मामले को लेकर तुरंत एक्टिव हो गया। बुधवार देर रात उसने कुश्ती संघ को नोटिस भेजा और 72 घंटे में जवाब देने को कहा। ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दे डाली। खेल मंत्रालय से मीटिंग खत्म होने के बाद पहलवानों ने मीडिया से बातचीत की।
