- चंबल से रेत ले जा रहे तीन वाहनों को डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेकर छोड़ा और एक वाहन का रेत बदलवा दिया
मुरैना। चंबल रेत का परिवहन करते हुए पकड़े गए चार ट्रैक्टर-ट्रालियों में से तीन को सौदा कर छोड़ने के साथ ही एक वाहन का रेत बदलने के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए मुरैना जिला पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने आधा दर्जन से ज्यादा स्टाफ को सस्पेंड कर दिया है। इसमें चिन्नौनी थाना प्रभारी के साथ ही इस खबर को वायरल करने वाला सहायक उपनिरीक्षक भी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक मुरैना समीर सौरभ ने बुधवार को थाना प्रभारी चिन्नौनी शंभूदयाल बाथम, एएसआइ कमलेश कुमार समेत सात पुलिस कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। यानी चिन्नौनी थाने का आधा स्टाफ निलंबित हो गया है। वहीं जिस एएसआइ कमलेश कुमार ने शिकायत की उसे भी निलंबित कर दिया, क्योंकि वह कार्रवाई में शामिल था, लेकिन तब वरिष्ठ अफसरों को कार्रवाई की खबर नहीं दी। बाद में लेन-देन के मामले को प्रसारित कर विभाग की छवि धूमिल की।
थाने लाने के बाद रेतभरे ट्रैक्टर ट्रालियों को छोड़ा गया
बीहड़ों से पकड़ी गई रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ने के बाद थाने पहुंचीं, लेकिन इनमें से तीन को बिना कार्रवाई किए छोड़ दिया गया। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया। होराबराह के बीहड़ों में चंबल का रेत भरकर ला रहीं चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छोड़ दिया, जबकि सिर्फ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकडना बताकर आला अफसरों को अवगत करा दिया। इस मामले का वीडियो बुधवार को वायरल हुआ, जिसमें थाने में ही पदस्थ एक पुलिसकर्मी रेत के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छोडने की बात कहता हुआ सुनाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने थाना प्रभारी, वीडियो वायरल करने वाले पुलिस जवान सहित सात लोगों को सस्पेंड करने के आदेश दिए हैं।
सस्पेंड किए गए चिन्नौनी थाना प्रभारी एवं अन्य स्टाफ
रेत माफिया से लेन-देन पर सस्पेंड होने वालों में चिन्नौनी थाना प्रभारी शंभूदयाल बाथम, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक कमलेश कुमार, हेड मोहर्रिर रामनरेश परमार, प्रधान आरक्षक सनत कुमार, आरक्षक ऋषिकेश, आरक्षक नवीन पाटिल, आरक्षक प्रवीण कुमार है। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने सख्त लहजे में कहा है कि अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा। रेत माफिया या किसी भी अपराधी को सरंक्षण देने पर कठोर कार्रवाई होगी।
ग्रामीण ने बनाया रेत पकड़ने और छोड़ने का वीडियो
चंबल नदी के होराबराह घाट से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अवैध रेत का परिवहन करते रहते हैं। इस अवैध कृत्य पर कभी भी खनिज संसाधन विभाग या पुलिस अमला कार्रवाई नहीं करता है। इसी क्रम में बीते 16 फरवरी को चिन्नौनी थाना पुलिस की टीम ने बीहड़ों में क्रमबद्ध तरीके से निकल रहे रेत के पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा, जिनमें ऊपर तक रेत भरी हुई थी। इसका वीडियो मौके पर मौजूद ूएक गांववाले ने बना लिया, जिसमें चिन्नौनी थाने के पुलिसकर्मी भी नजर आ रहे हैं। चौंकाने वाला तथ्य है कि इन पकडेÞ गए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को थाने ले जाने के बाद लेन-देन करके छोड़ दिया गया।
