- राजा रघुवंशी की मां ने कहा- ग्यारस के दिन बेटे की हत्या हुई और वापसी की भविष्यवाणी को सच करते जन्म भी ग्यारस को ही हुआ
- चौंकाने वाला संयोग: हत्या ग्यारस के दिन 2:40 बजे दिन में हुई और सचिन के बेटे का जन्म भी ग्यारस पर दिन में 2:42 बजे दोपहर में हुआ
इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में चर्चित ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद शोक में डूबे परिवार में फिर से खुशियों की वापसी हुई है। राजा रघुवंशी के बडे भाई सचिन रघुवंशी के बेटे के जन्म को परिवार अपने राजा की वापसी मान रहा है। साथ ही बताया जा रहा है कि राजा के परिवार में ही फिर से जन्म लेने की भविष्यवाणी सच हुई है।

दरअसल राजा रघुवंशी के बड़े भाई सचिन रघुवंशी के घर ग्यारस के दिन बेटे का जन्म हुआ। इसी के बाद से रघुवंशी परिवार में खुशियों का आलम है। राजा की मां उमा रघुवंशी सहित परिवार ने एकमत होकर नवजात को राजा नाम दिया है और नन्हें बालक को अपने राजा की वापसी मान रहे हैं।

कामाख्या के पुजारी की भविष्यवाणी को मान रहे सच
रघुवुंशी परिवार और रिश्तेदार तक मान रहे हैं कि भविष्यवाणी सच साबित हुई। इस बारे में परिवार के सदस्य विपिन रघुवंशी ने बताया कि राजा की हत्या के बाद तेहरवी के दौरान कामाख्या मंदिर के एक पुजारी ने भविष्यवाणी की थी कि राजा अपने ही परिवार में दोबारा जन्म लेगा। इसी से ठीक ग्यारस के दिन राजा के बडे भाई सचिन के घर बेटे के जन्म को वे उसी भविष्यवाणी का सच साबित होना मान रहे हैं। राजा की मां उमा रघुवंशी ने बेटे को याद करते और अपने पोते को दुलारते हुए कहा, यह मेरे बेटे की वापसी है।

संयोग को लेकर भी है परिवार का अटूट विश्वास
रघुवंशी परिवार राजा रघुवंशी की हत्या और नवजात के आगमन के समय और दिन के संयोग को पुनर्जन्म से जोड़ कर देख रहा है। ज्ञात हो कि राजा रघुवंशी की हत्या ग्यारस के दिन दोपहर करीब 2:40 बजे की गई थी, जबकि सचिन रघुवंशी के बेटे का जन्म भी ग्यारस के दिन दोपहर 2:42 बजे ही हुआ है। ज्ञात हो कि हनीमून टूर पर मेघालय गए राजा रघुवंशी की जून 2025 में हत्या के मामले में उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी सहित उसका प्रेमी राज कुशवाह अभी जेल में हैं।