Type Here to Get Search Results !

राजगढ़ की महिला सीएमएचओ को सरकारी आवास में 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते लोकायुक्त पुलिस ने धर दबोचा

  • सोनोग्राफी सेंटर संचालक से एमपी आनलाइन के माध्यम से एक डॉक्टर का नाम जुड़वाने के अप्रूवल के लिए 50 हजार रुपए की घूस मांगी, जिसमें से पहले 10 और फिर 20 हजार रुपए लेने के बाद आखिरी किश्त लेते रेंगे हाथों गिरफ्तार

राजगढ़। सोनाग्राफी सेंटर संचालक से एमपी आनलाइन के माध्यम से एक डॉक्टर का नाम जुड़वाने का एप्रूवल करने के बदले 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए राजगढ़ सीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल को लोकायुक्त पुलिस टीम ने सरकारी आवास से गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाला तथ्य यही है कि महिला सीएमएचओ ने 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी, जिसमें से दो किश्तो में पहले ही 30 हजार रुपए ले चुकी है। रिश्वत की आखिरी किश्त लेते हुए अपने सरकारी आवास में ही पकड़ी गई।



रिश्वत मांगने की शिकायत गांधीनगर, भोपाल निवासी हरिओम अहिरवाल ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक भोपाल कार्यालय में की थी। शिकायतकर्ता ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि राजगढ में सुविधा डायग्नोस्टिक सेंटर के नाम से सोनोग्राफी सेंटर चलाता है। इसी सेंटर पर एमपी आॅनलाइन के माध्यम से डॉ आकर्ष तनेजा का नाम जुड़वाना चाहता था। इसके अप्रूवल के लिए राजगढ़ जिले की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल ने 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगते हुए नहीं देने पर अपू्रवल नहीं करने की धमकी दी थी।

दो किश्ते एडवासं में वसूल चुकी थी महिला सीएमएचओ

शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में यह भी बताया था कि महिला सीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल ने पहले तो 50 हजार रुपए रिश्वत देने का दबाव बनाया। इस पर एकदम से इतनी ज्यादा राशि देने में असर्थता जताई तो किश्तों में घूस वसूल की, जिसमें पहली किश्त में 11 अप्रैल 2026 को 10 हजार रुपए और 15 अप्रैल 2026 को दूसरी किश्त में 10 हजार रुपए वसूले थे। इसके बाद तीसरी किश्त के बाकी 20 हजार रुपए की घूस देने का लगातार दबाव ड़ाल रही थी।

शिकायत सही होने के बाद गठित की गई ट्रैप टीम

महिला सीएमएचओ के रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन करवाने पर सही पाई गई। इस पर रिश्वतखोर को पकड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक दुर्गेश राठौर ने ट्रैप टीम बनाई। इसमें उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह, उप पुलिस अधीक्षक आशीष भट्टाचार्य, निरीक्षक रजनी तिवारी, निरीक्षक घनश्याम सिंह मर्सकोले, उप निरीक्षक मोनिका पाण्डेय, प्रधान आरक्षक नेहा परदेसी, मुकेश पटेल, आरक्षक मनमोहन साहू, यशवंत पटेल, रविंद्र शर्मा शामिल किए गए।



सरकारी आवास में बेखौफ रिश्वत के नोट थामे

लोकायुक्त ट्रैप टीम ने राजगढ़ पहुंचने के बाद जिला अस्पताल परिसर स्थित सीएमएचओ के सरकारी आवास की घेराबंदी बंदी कर ली। रिश्वत का आदान-प्रदान यही होना था। इसके बाद आवेदक हरिओम अहिरवाल रिश्वत देने सीएमएचओ के अस्पताल परिसर स्थित सरकारी आवास पहुंचा। इसके बाद रिश्वत लेते ही डॉ. शोभा पटेल को ट्रैप टीम ने पकड़ लिया। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन) 2018 की धारा-7 के अंतर्गत कार्यवाही की गई।