- नौकरी दिलाने और सरकारी विभागों में किराए से गाड़ी लगवा देने के बदले ठगी के मामले की रिपोर्ट के बाद जाली हस्ताक्षरों का परीक्षण सहित निष्पक्ष जांच करने के ऐवज में 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी, जोकि बातचीत के बाद 20 हजार रुपए लेने को तैयार हो गया और रंगे हाथों पकड़ा गया
सिवनी/ जबलपुर। ठगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद निष्पक्ष जांच और जालसाज के हस्ताक्षरों की जांच के बदले 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते कोतवाली थाने के सहायक उपनिरीक्षक दिनेश रघुवंशी को लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी एएएसआई ने 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी, जोकि बातचीत के बाद 20 हजार रुपए लेने पर तैयार हो गया था।

रिश्वत मांगने की शिकायत पर दर्ज है एफआईआर
रिश्वत मांगने की शिकायत जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में आवेदक नंदकिशोर चौरसिया पिता चंदन लाल चौरसिया, निवासी ग्राम छितापार, थाना कुरई, जिला सिवनी ने की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके बेटे अभिषेक चौरसिया को नौकरी लगवाने और उसके वाहनों को सरकारी विभागोें मे किराए पर लगवा देने के बदले ठगी की गई थी। इसकी शिकायत पर थाना कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है, जिसकी जांच एएसआई दिनेश रघुवंशी कर रहा था। एएसआई रघुवंशी ने जांच सही तरीके से करने और ठगी करने वाले के हस्ताक्षरों की जांच करवाने के बदले 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी।
शिकायत की जांच में सही मिलने पर ट्रैप दल गठित
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त जबलपुर अंजू पटले ने रिश्वत मांगने की जांच करवाई तो इसमें शिकायत सही पाई गई। इसी बीच एएसआई और आवेदक के बीच बातचीत होने पर 30 के बजाय 20 हजार रुपए की रिश्वत लेने पर बात फाइनल हो गई। इसके बाद एसपी अंजू पटले ने रिश्वतखोर को पकड़ने के लिए ट्रैप दल का गठन करके रवाना किया। इसमें ट्रैप दल प्रभारी नीतू त्रिपाठी उप पुलिस अधीक्षक के साथ निरीक्षक राहुल गजभिए, टीएलओ निरीक्षक शशिकला मस्कुले, सदस्य निरीक्षक राहुल गजभिए, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय सहित लोकायुक्त जबलपुर का स्टाफ शामिल था।
बस स्टैंड पर चाय की दुकान पर रिश्वत लेते पकड़ा गया
लोकायुक्त टीम ने बस स्टैंड पर घेराबंदी कर ली, क्योंकि रिश्वत वहीं लेने आरोपी एएसआई आने वाला था। इसके कुछ ही देर बाद आवेदक से जैसे ही चाय की दुकान पर 20 हजार रुपए की रिश्वत ली, वैसे ही आरोपी दिनेश रघुवंशी पिता स्व. तुकरसिंह रघुवंशी, उम्र 57 वर्ष, कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक, थाना कोतवाली जिला सिवनी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन)2018 की धारा-7,13(1)इ, 13(2) के अंतर्गत कार्यवाही की गई।
भ्रष्टाचार या रिश्वत मांगने की शिकायत करने की अपील
पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किए जाने के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में जबलपुर लोकायुक्त इकाई द्वारा लगातार भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। आमजन से अपील है कि कोई अधिकारी, कर्मचारी रिश्वत की मांग करे, तो कार्यालय एवं दूरभाष पर संपर्क कर सकते हैं।
कार्यालय पता -
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त,
सिविक सेंटर, जेडीए बिल्डिंग, थर्ड फ्लोर,
जबलपुर (मप्र)
मोबाइल नंबर 7999514544
दूरभाष नंबर 0761-2408599
0761-2408588