- पॉइंट मशीन, सिग्नल, एक्सल काउंटर आदि सिग्नलिंग उपकरण किए गए इंस्टॉल
कानपुर । कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए–बर्रा-8) में सिविल निर्माण के साथ-साथ सिस्टम इंस्टॉलेशन का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में आज सीएसए विश्वविद्यालय परिसर स्थित निर्माणाधीन डिपो में सिग्नलिंग उपकरणों की टेस्टिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इस दौरान कानपुर मेट्रो के सिग्नलिंग एवं टेलीकॉम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
डिपो में स्थापित की गईं पॉइंट मशीनें, सिग्नल और एक्सल काउंटर
सिग्नलिंग प्रणाली के अंतर्गत डिपो में कुल 27 पॉइंट मशीनें, 31 सिग्नल और 55 एक्सल काउंटर स्थापित किए जाने थे। इन सभी उपकरणों के इंस्टॉलेशन का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। पॉइंट मशीनें ट्रेनों को एक लाइन से दूसरी लाइन पर सुरक्षित और स्वचालित रूप से शिफ्ट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसी तरह, एक्सल काउंटर ट्रैक पर ट्रेनों की उपस्थिति का पता लगाकर सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करते हैं। डिपो के अंदर लगभग 550 मीटर लंबे टेस्ट ट्रैक का भी निर्माण किया जा रहा है, जहां मेनलाइन के समान सॉफ्टवेयर और सिग्नलिंग सेट-अप लागू किया गया है। सिग्नलिंग उपकरणों की टेस्टिंग के दौरान इनके आपसी समन्वय, कार्यप्रणाली एवं विश्वसनीयता की जांच की जाएगी।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस अवसर पर कहा, "कॉरिडोर-2 (सीएसए–बर्रा-8) डिपो में सिस्टम इंस्टॉलेशन के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। आज यहां सिग्नलिंग उपकरणों की टेस्टिंग की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है। वर्कशॉप में सिग्नल इक्विपमेंट रूम के निर्माण के बाद उसे भी आरंभ कर दिया गया है। मुझे प्रसन्नता है कि हमारी पूरी टीम और कार्यदायी संस्थाएं सुनियोजित ढंग से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूर्ण समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही हैं।