Type Here to Get Search Results !

कोरोना की संभावित तीसरी लहर के लिए नहीं छोड़ेंगे कोई कसर - मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा इस्पात मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान ने शनिवार को सागर के बीना में भारत ओमान रिफ़ाइनरी के पास 200 बिस्तरों का ऑक्सीजन युक्त अस्थाई कोविड अस्पताल का लोकर्पण एवं ऑक्सीजन बॉटलिंग एवं रीफ़िलिंग प्लांट का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर के लिये हम कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। इसके लिये अग्रिम रूप से सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज बीना में अस्पताल का लोकार्पण किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यहाँ अल्प समय में बनाये गये ऑक्सीजन युक्त 200 बिस्तरों के अस्थाई कोविड अस्पताल के निर्माण में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान का भरपूर सहयोग रहा है। यह अस्थाई अस्पताल अत्यंत कम समय में विकसित कर सर्व सुविधायुक्त मेडिकल फेसिलिटी का बेहतरीन उदाहरण है। पूर्व में भी श्री प्रधान इस अस्पताल का निरीक्षण करने आये थे और आज लोकार्पण के अवसर पर यहाँ मौजूद हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना वायरस वेरिएंट बदलता रहता है। दूसरी लहर के वक्त हम सभी ने खतरनाक संक्रमण का सामना किया। भविष्य की किसी भी संभावना को ऩजरअंदाज न करते हुए हमें हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना है। इसके चलते सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं।  उन्होंने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि इस अस्पताल की आवश्यकता कभी न पड़े, परंतु इस अस्पताल का निर्माण सावधानी के तौर पर किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इसी क्रम में बीना रिफाइनरी के सहयोग से बॉटलिंग एवं रीफ़िलिंग प्लांट का निर्माण किया जा रहा है, जिससे कोरोना संक्रमण के इलाज के लिए आवश्यक ऑक्सीजन उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही यहाँ रीफ़िलिंग के माध्यम से अन्य जगहों में भी ऑक्सीजन सिलेंडर भेजे जा सकेंगे और मध्यप्रदेश ऑक्सीजन के मामले में होगा आत्म-निर्भर।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में करोना संक्रमण अब नियंत्रण में है। आज प्रदेश में कोरोना संक्रमण की पॉजिटिविटी दर 0.46 प्रतिशत है। प्रदेश के 24 जिले ऐसे हैं जहाँ आज एक भी कोरोना का प्रकरण नहीं आया है। आज की स्थिति में सागर में तीन और पूरे बुन्देलखंड में 15 प्रकरण हैं परंतु हमें न ही निश्चिंत होना है और न ही सावधानियाँ छोड़नी हैं। बल्कि लगातार कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर अर्थात कोविड संक्रमण रोकने जैसा व्यवहार अपनाना है, जिसमें मास्क लगाना, सेनेटाईजर अथवा साबुन का इस्तेमाल करना, भीड़ एकत्रित न करना तथा अत्यावश्यक रूप से वैक्सीनेशन कराना शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह समय संयम एवं धैर्य का परिचय देने का है। फ़िलहाल किसी भी प्रकार के बड़े आयोजन जैसे - शादी, धार्मिक अनुष्ठान और अन्य कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जा सकेंगे। लापरवाही और ढिलाई के चलते ही संक्रमण बढ़ता है। संक्रमण रोकने में संयम और सावधानियाँ ही काम आएँगी। उन्होंने कहा कि मीडिया भी जनता को शिक्षित करने में अपनी भूमिका निभाए। साथ ही कोरोना वॉरियर भी जनता को जागरूक करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार सभी को नियमों का पालन करना आवश्यक है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.