अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता मंच ने नए कानून मंत्री रिजीजू को भेजा ज्ञापन
भोपाल। कोरोना महामारी की चपेट में आने वाले वकीलों की बिना इलाज मौत होने के साथ ही दुर्घटनाओं में घायल होने वाले वकीलों को भी समय पर समुचित इलाज नहीं मिल पाता है। इसकी वजह है वकीलों की राष्ट्रीय बीमा पॉलिसी का नहीं होना, जिसको तत्काल लागू किया जाए।
यह मांग करते अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता मंच के राष्ट्रीय संयोजक चंद्र कुमार वलेजा एडवोकेट और जगदीश छावानी की अगुवाई में केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजीजू को ज्ञापन भेजा गया। इससे पहले मंच की कार्यकारिणी की बैठक करके नए कानून मंत्री को बधाई देने के साथ ही वकीलों की लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की गई। मंच ने देशभर के वकीलों को मेडिक्लेम एवं हेल्थ इंश्योरेंस की सुरक्षा देने मांग की है। इस बारे में तत्कालीन कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने 13 फरवरी 2019 को लखनऊ में घोषणा की थी। ऐसे में कोविड-19 काल में जान गंवाने वाले वकीलों को मुआवजा दिया जाना चाहिए। वैसे भी केंद्र सरकार ने दिल्ली के वकीलों के सामूहिक बीमा के लिए प्रीमीयम राशि का भुगतान किया है, ऐसे में देशभर के वकीलों का बीमा करवाने के लिए सरकार प्रीमियम जमा करवाए।


