नई दिल्ली। डीजीसीए ने एयरलाइन्स कंपनियों से 3 मई तक टिकट बुक न करने को कहा है। रविवार शाम जारी आदेश के मुताबिक, अब तक उड़ानें शुरू करने पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। दूसरी तरफ, कोरोना महामारी की वजह से मजदूरों के एक से दूसरे राज्य में जाने पर रोक लगा दी गई है। गृह मंत्रालय ने मंत्री समूह की बैठक के बाद इस पर स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग सिस्टम जारी किया। इसमें कहा गया है कि जो जहां है, वहीं रहे। राज्य सरकारें मजदूरों को उनकी क्षमता और योग्यता के हिसाब से काम दें। प्रवासी मजदूरों का समूह राज्य के अंदर ही अपने कार्य स्थल पर जाना चाहे तो उनकी स्क्रीनिंग की जाए, जिनमें बीमारी के लक्षण न हों उन्हें उनके कार्यस्थल ले जाया जाए।
डीजीसीए ने क्या कहा?डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने रविवार शाम साफ कर दिया कि फ्लाइट ऑपरेशन्स शुरू करने को लेकर अब तक कोई फैसला नहीं किया गया है। लिहाजा, एयरलाइन्स कंपनियां टिकट बुकिंग न करें। पिछले दिनों नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी सर्कुलर जारी किया गया था। डीजीसीए ने इस बारे में कहा, “इन सर्कुलर्स में उड़ानें शुरू करने के संदर्भ में कोई आदेश नहीं था जिससे एयरलाइन्स कंपनियां 4 मई से यात्रा के लिए टिकट बुकिंग शुरू कर दें। उड़ानें फिर शुरू करने के बारे में फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया गया है।” निर्देशों का सख्ती से पालन करने का भी आदेश दिया गया है।
गोवा: मुख्यमंत्री ने हेल्थ वर्कर्स और पुलिस का शुक्रिया अदा कियासीएम प्रमोद सावंत ने कहा, “मुझे ये बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि गोवा में इस वक्त तक कोई कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं है। हमारे कोविड-19 हॉस्पिटल का मैं शुक्रिया अदा करता हूं। हमारे यहां कुल सात मरीज थे। इनमें से छह विदेशी नागरिक थे। इन सभी का इलाज हो चुका है। इन सभी को फिलहाल क्वैरेंटाइन सेंटर में रखा गया है। एक पेशेंट जो बचा था उसे भी यहां भेजा रहा है। गोवा ने जनता कर्फ्यु से आज तक काफी मेहनत की है। हमने हर जगह कोविड हॉस्पिटल और लैब बनाए। बॉर्डर सील किए। एक उपलब्धि यह है कि हमने पूरे राज्य में घर-घर जाकर सर्वे किया। इस टीम और पुलिस का अभिनंदन। हमने अपने बॉर्डर अब भी सील ही रखे हैं। आज की तारीख में हम गर्व से कह सकते हैं कि गोवा में कोरोना का कोई पॉजिटिव केस नहीं है। फिर लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने 3 मई तक जो लॉकडाउन किया है, वो जारी रहेगा। 20 अप्रैल से लॉकडाउन में राहत दी जा सकती है लेकिन यह केंद्र की गाइडलाइंस के हिसाब से होगी।”
